रायपुर. वैश्विक तनाव और युद्ध के खौफ के बीच शांति की अवधारणा को मजबूती देने वाले एक महत्वपूर्ण शोध कार्य ने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है. छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय में पदस्थ डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) डॉ. संतोष कुमार सिंह की पुस्तक को देश के शीर्ष स्तर से सराहना मिली है. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार Ajit Doval और प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी Shaktikanta Das ने उन्हें पत्र लिखकर बधाई दी है और उनके शोध कार्य की प्रशंसा की है.
डॉ. सिंह की पुस्तक “Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of the United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi” संयुक्त राष्ट्र की शांति स्थापना प्रणाली और संघर्ष प्रभावित देशों में स्थिरता लाने के प्रयासों का गहन विश्लेषण प्रस्तुत करती है. Ajit Doval ने अपने पत्र में इस पुस्तक को गहन शोध और सार्थक विश्लेषण पर आधारित बताते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति बहाली की समझ को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कार्य कहा. वहीं Shaktikanta Das ने भी इसे नीति निर्माण और वैश्विक दृष्टिकोण को समृद्ध करने वाला अहम प्रकाशन बताया.
छत्तीसगढ़ पुलिस में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे डॉ. संतोष कुमार सिंह का यह योगदान बताता है कि राज्य के अधिकारी प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ बौद्धिक और शोध के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता हासिल कर रहे हैं. उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ पुलिस विभाग बल्कि पूरे राज्य का गौरव बढ़ाया है और यह साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रही है.
