अम्बिकापुर. सरगुजा जिले में रविवार तड़के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली. गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकालो जंगल के पास सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
मृतकों की पहचान मानीमती (50 वर्ष) पति कईलाराम, कईलाराम (52 वर्ष) पिता अमर साय और राहुल टोप्पो (25 वर्ष) पिता कईलाराम के रूप में हुई है. वहीं घायल चालक का नाम सोनू केरकेट्टा पिता ओम प्रकाश बताया गया है. सभी लोग दुप्पी चौरा रजापुर के निवासी हैं.
बताया जा रहा है कि ट्रक प्रतापपुर की ओर से आ रही थी, जबकि कार में सवार चार लोग अम्बिकापुर की ओर जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
