बलरामपुर. जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया, जब महुआ बीनने गई एक नाबालिग बालिका पर हाथी ने हमला कर उसे कुचल दिया. इस घटना में 17 वर्षीय पिंकी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण घायल हो गया.
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के बरदरी की रहने वाली पिंकी कुमारी इन दिनों अपने परिजनों के पास ग्राम चीनिया के जामुन पारा आई हुई थी. शनिवार तड़के करीब छह बजे वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ढापन पानी जंगल क्षेत्र में महुआ बीनने गई थी. सुबह लगभग साढ़े सात बजे अचानक क्षेत्र में सक्रिय हाथियों के दल में से एक हाथी सामने आ गया और उसने हमला कर दिया. पिंकी इसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं साथ मौजूद सत्यनारायण कोरवा भागने के दौरान घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है.
हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद भी ग्रामीणों की लापरवाही सामने आई. जिस स्थान पर बालिका का शव पड़ा था, उसके आसपास ही कुछ दूरी पर लोग महुआ बीनते रहे. इस स्थिति पर वन विभाग ने गंभीर चिंता जताई है.
वन विभाग के अनुसार, रामानुजगंज क्षेत्र में इस समय 22 हाथियों का दल सक्रिय है, जिसमें 7 नर, 10 मादाएं और 5 शावक शामिल हैं. विभाग द्वारा लगातार मुनादी कराकर ग्रामीणों को सुबह के समय जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी दी जा रही है, इसके बावजूद लोग जोखिम उठा रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी निखिल सक्सेना के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई. विभाग ने मृतिका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान कर दी है, जबकि शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की राशि एक सप्ताह के भीतर देने की बात कही गई है.
