मुंबई। देशभर में रसोई गैस की संभावित किल्लत की चर्चाओं के बीच मुंबई से चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। मुंबई के कांदिवली स्थित चारकोप इलाके में अज्ञात चोरों ने गैस डिलीवरी के लिए खड़े एक टेम्पो को निशाना बनाकर उसमें रखे 27 एलपीजी सिलेंडर चोरी कर लिए। चोरी हुए सिलेंडरों में 5 भरे हुए और 22 खाली सिलेंडर शामिल हैं, जिसकी कुल कीमत करीब 15,500 रुपये बताई जा रही है।
यह वारदात 25 और 26 मार्च की देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित नंदकुमार रामराज सोनी, जो पिछले 7 वर्षों से कांदिवली के चारकोप स्थित श्रीजी गैस सर्विस में डिलीवरी का काम करते हैं, रोज की तरह ग्राहकों को गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम पूरा कर रात करीब 11 बजे टेम्पो को चारकोप इलाके में खड़ा कर घर लौट गए थे। उस समय वाहन में अगले दिन की डिलीवरी के लिए सिलेंडर लोड थे।
अगली सुबह जब वह 26 मार्च को करीब 8 बजे टेम्पो के पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। वाहन का लॉक टूटा हुआ था और अंदर रखे सभी 27 सिलेंडर गायब थे। घटना के बाद उन्होंने पहले अपने सहकर्मियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी सिलेंडर लेने से इनकार किया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत चारकोप पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें कुछ संदिग्ध लोग वाहन के आसपास गतिविधि करते दिखाई दे रहे हैं। अब उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर जांच तेज कर दी है। आसपास के इलाकों की फुटेज खंगाली जा रही है और कबाड़ी बाजार तथा अवैध गैस कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
