नयागढ़ (ओडिशा)। ओडिशा के नयागढ़ जिला से दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां पर्यटकों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 40 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई लोग बस के नीचे दब गए, जिन्हें निकालने के लिए घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा दसपल्ला थाना क्षेत्र के अंतर्गत टाकराघाट के पास हनुमान घाटी इलाके में शुक्रवार देर रात हुआ। बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जो ब्रह्मपुर से हरिशंकर धाम घूमने के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान अचानक ड्राइवर का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस तेज रफ्तार में एक बड़े पत्थर से टकराकर पलट गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री सीटों से उछलकर इधर-उधर गिर पड़े, जबकि 10 से ज्यादा लोग बस के नीचे फंस गए। हादसे में बस चालक प्रवीण साहू समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरि पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू, सुमति साहू और चालक प्रवीण साहू के रूप में हुई है। सभी मृतक ब्रह्मपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। गैस कटर की मदद से बस को काटकर नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत दसपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करीब 15 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, हालांकि प्रशासन ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
