काठमांडू। नेपाल की राजनीति में बड़ा कदम रखने जा रहे बालेन्द्र शाह (बालेन) ने शपथ ग्रहण से ठीक पहले ऐसा दांव चला, जिसने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में ला दिया है। प्रधानमंत्री पद की शपथ से एक दिन पहले रिलीज हुआ उनका रैप गीत ‘जय महाकाली’ यूट्यूब पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए नेपाली म्यूजिक इंडस्ट्री में नया इतिहास रच गया।
रिलीज के महज 24 घंटे के भीतर इस गीत को 24 लाख से ज्यादा बार देखा गया, जो अब तक किसी भी नेपाली गीत के लिए सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दुर्गेश थापा और सिसन बानियाँ के चर्चित गीत ‘जाने भए जाम माया’ के नाम था, जिसे 24 घंटे में 16 लाख 36 हजार व्यूज मिले थे।
‘जय महाकाली’ ने सिर्फ कुल व्यूज ही नहीं, बल्कि स्पीड के मामले में भी रिकॉर्ड कायम किया। गीत ने रिलीज के केवल 3 घंटे के भीतर 10 लाख व्यूज का आंकड़ा पार कर सबसे तेजी से यह उपलब्धि हासिल करने वाला नेपाली गीत बनने का गौरव भी अपने नाम किया।
दिलचस्प बात यह है कि इस गीत का ऑडियो करीब 11 साल पहले ही तैयार कर लिया गया था, जिसे अब री-मास्टरिंग के बाद चुनावी अभियान के दृश्यों के साथ वीडियो रूप में पेश किया गया है। गीत के बोल खुद बालेन्द्र शाह ने लिखे हैं और इसे उनके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है।
राजनीति और संगीत दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना चुके बालेन का यह नया रिकॉर्ड उनके बढ़ते प्रभाव का संकेत माना जा रहा है, जहां शपथ से पहले ही उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी ताकत का अहसास करा दिया है।
