रायपुर। गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों को कंफर्म बर्थ और आरामदायक सफर उपलब्ध कराने के लिए दुर्ग-हरिद्वार-दुर्ग के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिसका संचालन 19 अप्रैल से 29 जून 2026 तक किया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08743 दुर्ग-हरिद्वार समर स्पेशल ट्रेन 19 अप्रैल से 28 जून 2026 तक प्रत्येक रविवार को दुर्ग से रवाना होगी और कुल 11 फेरे लगाएगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 08744 हरिद्वार-दुर्ग समर स्पेशल ट्रेन 20 अप्रैल से 29 जून 2026 तक हर सोमवार को हरिद्वार से चलेगी और यह भी 11 ट्रिप पूरी करेगी।
यह स्पेशल ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया शामिल हैं। इससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थल हरिद्वार तक सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
