बस्तर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया, जब केंद्रीय जेल से बुधवार देर शाम एक कैदी दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और पूरे सिस्टम में अलर्ट जारी कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि कैदी ने मौका देखकर जेल की दीवार पार की और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधिकारियों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार कैदी की पहचान व उसकी गतिविधियों को ट्रैक करने की कोशिश जारी है। फिलहाल कैदी का नाम और वह किस मामले में बंद था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बस्तर जिले के एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत के अनुसार, केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने फरारी की सूचना दी थी, जिसके बाद भंगाराम चौक से लेकर माता मंदिर तक के इलाके में पुलिस बल तैनात कर तलाशी अभियान चलाया गया। देर रात तक टॉर्च की रोशनी में जंगल और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्चिंग की गई, लेकिन कैदी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने कहा कि कैदी की तलाश लगातार जारी है और पुलिस के साथ मिलकर हर संभावित स्थान पर दबिश दी जा रही है। इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनकी जांच भी अब शुरू कर दी गई है।
