रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जीएसटी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में संचालित लक्ष्मी कमर्शियल और SRS ट्रेडर्स पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के इलाकों में दिनभर हलचल बनी रही।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, विभाग की करीब 10 अधिकारियों की टीम पिछले 6 घंटे से दोनों फर्मों के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही है। टीम ने कार्यालयों और गोदामों में दस्तावेजों की बारीकी से जांच शुरू की, जिससे कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि इन फर्मों के खिलाफ लंबे समय से जीएसटी चोरी और बोगस बिलिंग की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर विभाग ने यह समन्वित कार्रवाई की। जांच के दौरान अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी अब गहन पड़ताल की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बड़ी संख्या में संदिग्ध बिल और लेन-देन सामने आए हैं, जिससे करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल विभाग की टीम दस्तावेजों की विस्तार से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
