नई दिल्ली. टाटा समूह की अगुवाई वाली Air India और Air India Express आज पश्चिम एशिया के लिए बड़ा उड़ान संचालन करने जा रही हैं. दोनों एयरलाइंस मिलकर सऊदी अरब और यूएई समेत क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 30 निर्धारित और अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेंगी.
एयरलाइन के अनुसार 23 मार्च को इन उड़ानों में नियमित सेवाओं के साथ-साथ अतिरिक्त (नॉन-शेड्यूल्ड) फ्लाइट्स भी शामिल होंगी, जिससे यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने की कोशिश की जा रही है. जेद्दाह रूट पर सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, जहां भारत और जेद्दाह के बीच कुल 10 उड़ानें संचालित होंगी. Air India दिल्ली और मुंबई से एक-एक रिटर्न फ्लाइट संचालित करेगी, जबकि Air India Express बेंगलुरु, कोझिकोड और मैंगलोर से उड़ानें चलाएगी.
इसके अलावा मस्कट से दिल्ली और मुंबई सहित चार नियमित उड़ानें संचालित की जाएंगी. वहीं बेंगलुरु और कोझिकोड से रियाद के लिए भी चार उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है. निर्धारित सेवाओं के अतिरिक्त यूएई और सऊदी अरब से कुल 12 अतिरिक्त उड़ानें भी चलाई जाएंगी, जो स्लॉट उपलब्धता और अन्य परिचालन परिस्थितियों पर निर्भर रहेंगी.
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर सभी उड़ानें अपने तय समय के अनुसार ही संचालित हो रही हैं. जिन यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के री-बुकिंग या पूर्ण रिफंड का विकल्प दिया गया है.
यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी बदलाव, रद्दीकरण या री-बुकिंग के लिए एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करें, ताकि उन्हें समय पर सहायता मिल सके.
