जांजगीर-चांपा. जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की.
पुलिस के अनुसार, ग्राम बिलारी वार्ड क्रमांक 12 निवासी रवि कुमार साहू (52 वर्ष) अपने घर में लोगों को एकत्रित कर प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा था, जहां अन्य धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण की टीम मौके पर पहुंची, जहां घर के भीतर करीब 15 से 20 बाहरी महिला-पुरुष मौजूद पाए गए.
स्थिति को गंभीर मानते हुए पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया. बाद में वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को तहसील न्यायालय में पेश किया गया.
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक सुधीर साहू, आरक्षक श्रीकांत सिंह और पुलिस सहायता केंद्र राहौद के आरक्षक आनंद साण्डे की अहम भूमिका रही.
