अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सरगुजा संभाग के दौरे पर रहेंगे, जहां उनका कार्यक्रम अम्बिकापुर से लेकर सूरजपुर जिले के प्रसिद्ध देवी धाम कुदरगढ़ तक बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण रहेगा. मुख्यमंत्री कई बड़े आयोजनों में शिरकत करेंगे, जिससे पूरे संभाग में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां वे संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक’ का भव्य शुभारंभ करेंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और आमजन की उपस्थिति रहेगी, वहीं मुख्यमंत्री करीब डेढ़ घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे कृषि विश्वविद्यालय अनुसंधान केंद्र पहुंचकर राज्य स्तरीय तिलहन मेले में शामिल होंगे, जहां वे करीब 50 मिनट तक विभिन्न प्रदर्शनी और कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे केंद्रीय विद्यालय अम्बिकापुर से केनापारा (ओड़गी, जिला सूरजपुर) के लिए रवाना होंगे और 3:05 बजे हेलीपैड पहुंचकर कुदरगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे.
दोपहर 3:10 बजे वे कुदरगढ़ महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4:20 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और सभी तैयारियां चाक-चौबंद कर दी गई हैं.
