वाराणसी. गंगा नदी के बीच नाव पर चिकन बिरयानी खाने के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. इस प्रकरण में आरोपी युवकों द्वारा वादी पक्ष से जुड़े लोगों को खुली धमकियां दिए जाने का मामला सामने आया है, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया है.
मामले के वादी पक्ष के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि घटना में शामिल 14 युवकों ने अदालत पहुंचने के दौरान उन्हें मीडिया के सामने धमकाया. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कहा कि “हम लोग छूटेंगे तो तुम लोगों को देख लेंगे.” अधिवक्ता ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने की मांग की है.
इधर इस मामले में कोतवाली थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल को भी धमकी मिलने की बात सामने आई है. उन्होंने बताया कि एक इंटरनेशनल नंबर से उन्हें फोन आया, जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति संदिग्ध तरीके से पंजाबी भाषा में बात करते हुए उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था.
रजत जायसवाल ने इस घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को देते हुए शिकायत दर्ज कराई है. पूरे मामले को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है और सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. गंगा नदी से जुड़ा यह विवाद अब कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनता नजर आ रहा है.
