बिलासपुर. चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मां बम्लेश्वरी मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए इतवारी से कोरबा के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है, जिससे नवरात्रि में यात्रा करने वाले हजारों भक्तों को बड़ी राहत मिलने वाली है.
रेलवे प्रशासन के अनुसार 23 मार्च से 28 मार्च तक इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा. यह मेमू स्पेशल प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेगी और करीब 63 स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए लगभग 14 घंटे 30 मिनट में अपनी यात्रा पूरी करेगी. तय समय-सारणी के मुताबिक ट्रेन संख्या 06883 सुबह 5 बजे इतवारी से रवाना होकर शाम 7:30 बजे कोरबा पहुंचेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 06884 सुबह 5:10 बजे कोरबा से चलकर शाम 7:30 बजे इतवारी पहुंचेगी.
नवरात्रि के प्रमुख केंद्र डोंगरगढ़ स्टेशन पर इस ट्रेन का विशेष ठहराव रखा गया है. इतवारी से आने वाली ट्रेन सुबह 9:06 बजे यहां पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद आगे रवाना होगी. वहीं कोरबा से चलने वाली ट्रेन दोपहर 1:41 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी. इस दौरान श्रद्धालु आसानी से मंदिर पहुंचकर दर्शन कर सकेंगे.
यह स्पेशल ट्रेन मार्ग के प्रमुख स्टेशनों जैसे कलमना, कामठी, कन्हान, भंडारा रोड, तुमसर रोड, गोंदिया, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई नगर, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-नैला, चांपा और उरगा समेत कई अन्य स्टेशनों पर भी रुकेगी.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से इजाफा होता है, जिससे ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है. ऐसे में इस अतिरिक्त ट्रेन सेवा का उद्देश्य यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत देना और सुरक्षित, सुगम व सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना है.
