अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2026 के दौरान प्रश्नकाल में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा व्यवस्था और नल-जल योजना की प्रगति को लेकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी.
प्रश्नकाल के दौरान विधायक टोप्पो ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में कक्षा व्यवस्था, विषयवार, विद्यालयवार और ब्लॉकवार शिक्षकों की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए. उन्होंने शिक्षकों के रिक्त पदों की संख्या और इन पदों पर भर्ती की समयसीमा को लेकर भी स्पष्ट जवाब मांगा. इसके साथ ही व्यावसायिक प्रशिक्षकों की स्थिति पर जानकारी लेते हुए उन्होंने एक फरवरी की स्थिति में कार्यरत प्रशिक्षकों की संख्या, रिक्त पद, आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया, संबंधित प्लेसमेंट कंपनियों की संख्या, अनुबंध अवधि, वेतन एवं कटौती सहित लंबित वेतनमान के मामलों में की गई कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh: हाईटेंशन लाइन ने ली जान, निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत
युवा कांग्रेस ने रक्तदान शिविर में दिखाई सामाजिक प्रतिबद्धता, बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
शिक्षा के बाद विधायक ने नल-जल योजना की प्रगति पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने वर्ष 2018 से 2026 तक कितने घरों में पाइपलाइन के माध्यम से नल कनेक्शन दिए गए, इसकी ब्लॉक और पंचायतवार जानकारी मांगी. साथ ही योजना की वर्तमान स्थिति, अधूरे कार्यों के कारण, उनकी पूर्णता की समयसीमा, कुल व्यय राशि और अनियमितताओं पर की गई कार्रवाई को लेकर भी विस्तृत जानकारी मांगी.
नल-जल योजना से जुड़े सवालों का जवाब संबंधित विभाग के मंत्री अरुण साव ने सदन में विस्तार से दिया. मंत्री के जवाब के बाद विधायक टोप्पो ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल प्रश्न उठाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
इसे भी पढ़ें –
Chhattisgarh में खौफनाक वारदात, सोते बुजुर्ग पर हमला, आंख निकालकर फरार हुए हमलावर
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार सुशासन के माध्यम से सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयासरत है, लेकिन कई बार अनियमितताओं के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाता. विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन हो, ताकि पात्र लोगों को उनका पूरा लाभ मिल सके.
