हासन। कर्नाटक के हासन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने प्रेमी के साथ रहने के लिए ऐसा खतरनाक नाटक रचा कि पूरा परिवार और पुलिस भी कुछ देर के लिए सन्न रह गई। शादी समारोह में शामिल होने गई महिला अचानक लापता हो गई और मौके पर उसके कपड़े, जूते व अन्य सामान नहर के पास पड़े मिले। इससे यह आशंका और गहरी हो गई कि महिला के साथ कोई अनहोनी हो गई है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने जांच तेज की और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के आधार पर ऑपरेशन चलाते हुए लापता महिला प्रियंका को टुमकुर जिले के कुनिगल से ट्रेस कर लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रियंका ने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई थी और इसी मकसद से उसने खुद को “मरा हुआ” साबित करने का नाटक रचा था।
जानकारी के मुताबिक 29 वर्षीय प्रियंका कुनिगल की रहने वाली है और उसकी शादी दो साल पहले चिकमंगलूर के एक युवक से हुई थी। बीते शुक्रवार वह हासन तालुका के कलकेरा गांव में दोस्त की शादी में शामिल होने पहुंची थी। वहां से उसने अपने कपड़े, जूते और अन्य सामान नहर के पास छोड़ दिए और फरार हो गई। प्रियंका को उम्मीद थी कि परिवार उसे डूबकर मर चुकी समझ लेगा और कोई उसका पीछा नहीं करेगा।
जब प्रियंका घर नहीं लौटी तो उसके पति ने तुरंत पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पति ने आशंका जताई कि प्रियंका ने करीब 30 लाख रुपये के गहने पहने थे और संभव है कि लूट के इरादे से उसकी हत्या कर दी गई हो।
इधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। बेलूर बस स्टैंड पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर प्रियंका की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद मोबाइल लोकेशन और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पुष्टि की कि उसका प्रेमी डेविड आसपास ही मौजूद था। जल्द ही पुलिस ने दोनों को कस्टडी में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि प्रियंका और डेविड एक ही जगह काम करते थे और दोनों के बीच पहले से नजदीकियां थीं। पुलिस के मुताबिक प्रियंका ने परिवार का ध्यान भटकाने और प्रेमी के साथ भागने के लिए यह पूरी कहानी रची थी।
हासन पुलिस ने केस दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर महिला को ट्रेस कर लिया और घर से ले जाए गए करीब 150 ग्राम सोने के गहने भी जब्त कर लिए। फिलहाल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की समीक्षा कर रही है।
