कोरबा. जिले में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क एक बार फिर हादसे का कारण बन गई. गुरुवार रात उरगा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क दुर्घटना में कांग्रेस नेता एवं एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक राहुल राय समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा इतना भयावह था कि कार खाई में गिरते हुए तीन बार पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के मुताबिक राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. उनके साथ कार में जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक सवार थे. रात करीब 9:30 बजे सभी उरगा पहुंचे, जहां कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने की वजह से वाहन निर्माणाधीन सड़क की खाईनुमा लेन में उतर गया.
जैसे ही कार उस अधूरी लेन में पहुंची, वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. गिरने के बाद कार लगातार पलटती रही और तीन बार उलट गई, जिससे अंदर बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं. हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोट लगी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
दुर्घटना में भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे साथियों ने बिना पुलिस को सूचना दिए दोनों घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार, मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है.
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन सड़क पर संकेतक बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था की कमी हादसे की बड़ी वजह हो सकती है. पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
