जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में आज गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बलौदा के कोरबा रोड स्थित राजू इलेक्ट्रिक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के वक्त दुकान संचालक का बेटा राम देवांगन (उम्र 20 वर्ष) दुकान के अंदर मौजूद था, जो आग और धुएं के कारण बाहर नहीं निकल सका। युवक के दुकान के अंदर फंसे रहने से दम घुटने और आग की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू होती चली गई। सूचना मिलने पर मौके पर दो दमकल वाहन पहुंचे, जिनकी मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस आग लगने के सही कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है।
