रायपुर. छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा और अहम फैसला लिया है. स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में 5,000 शिक्षक पदों पर भर्ती की मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है. इस संबंध में डायरेक्टरेट ऑफ पब्लिक इंस्ट्रक्शन को आवश्यक निर्देश भेजे गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार ने पहले ही 28 अक्टूबर 2025 को 4,708 शिक्षक पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी थी. अब विभागीय प्रस्ताव के तहत 292 अतिरिक्त सहायक शिक्षक पदों के सृजन को भी मंजूरी मिल गई है. इसके साथ ही कुल 5,000 शिक्षक पदों पर भर्ती का मार्ग प्रशस्त हो गया है.

इस निर्णय से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षक कमी को दूर करने में मदद मिलेगी. साथ ही वर्षों से भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी यह खबर राहत लेकर आई है. शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत दिशा-निर्देश और आगे की कार्यवाही को लेकर जल्द ही अलग से सूचना जारी की जाएगी.
