अम्बिकापुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मंगलवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रायगढ़ जिले के तमनार से बनारस दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं से भरी बस को लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम गंगापुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई. हादसे में बस में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी.
इस दुर्घटना में 5 महिलाओं समेत कुल 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकाला गया. सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 50 वर्षीय श्रद्धालु कोटिमा की मौत हो गई. अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
बताया गया कि बस में सवार श्रद्धालु मंगलवार सुबह करीब 4 बजे अम्बिकापुर-बनारस मार्ग से गुजर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है.
बस हादसे में घायल यात्रियों में सुरेश (40), धौजा (50), संतरा देवी (66), बरत राम (60), रमेश (50), कौता राठिया (55), सुमित्रा (55), सुकांति पैंकरा (65), बंशी राम (55), अनुसुइया शर्मा (50), पवन (13), आनंद कुमार (40) और पुष्पा (40) शामिल हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
