सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिश्रामपुर थाना में पदस्थ आरक्षक अभय पाण्डेय की जान चली गई. यह हादसा नेशनल हाईवे-43 पर 10वीं बटालियन सिलसिली के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार, आरक्षक अभय पाण्डेय 10वीं बटालियन सिलसिली में आयोजित फिटनेस ट्रेनिंग में शामिल होने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से बिश्रामपुर की ओर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. यह पूरा मामला जयनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
आरक्षक अभय पाण्डेय की असामयिक और दुखद मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है. साथी जवानों और अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है.
