अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पहली बार सरगुजा की कबड्डी टीम 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य सीनियर (महिला/पुरुष) कबड्डी चैम्पियनशिप 2025 में भाग लेने के लिए कोरबा रवाना हुई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 9 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के तत्वावधान में ऐमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन कोरबा द्वारा लाल मैदान, दर्री में आयोजित की जा रही है।
जिला कबड्डी संघ सरगुजा की स्थापना के महज दो महीने के भीतर ही जिले के खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच मिलना खेल प्रेमियों के लिए गर्व का विषय है। सरगुजा के खिलाड़ी अब अपने खेल कौशल और जज्बे का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। संघ अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में सचिव अमितेश पाण्डेय, सह सचिव निशांत गोल्डी सिंह, टेक्निकल हेड राजेश प्रताप सिंह एवं रजत सिंह ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

इस राज्य स्तरीय सीनियर ओपन कबड्डी चैम्पियनशिप में सरगुजा जिले की टीम बालक और बालिका दोनों वर्गों में हिस्सा ले रही है। बालिका वर्ग में रैमूनि पैकरा, अनिका पैकरा, गीता पैकरा, अलीशा एक्का, सुशीला पैकरा, दीपिका राजवाड़, पाशिका पैकरा, देवन्ती पैकरा, हिमेश्वरी एवं निक्की पैकरा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं बालक वर्ग में सोपाल पैकरा, जगताल, कुनाल पैकरा, नंदकुमार, लक्ष्मी पैकरा, सिकंदर राम, सुखदेव पैकरा, विमल सिंह, अरविंद और शेर सिंह सरगुजा का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम के साथ कोच अनुज बेक भी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए रवाना हुए हैं।
सरगुजा की टीम का यह पहला राज्य स्तरीय सफर न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे जिले के खेल जगत के लिए उत्साह और उम्मीदों से भरा हुआ है।
इसे भी पढ़ें –
मस्जिद में चाकू से हमला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष की इलाज के दौरान मौत
