
अम्बिकापुर। सरगुजा जिले की एक साधारण स्कूल शिक्षिका ने अपने ज्ञान, परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर आज पूरा जिला गर्व महसूस कर रहा है। बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते ज्ञान की साधना में जुटी विभा चौबे देश के सबसे लोकप्रिय और प्रतिष्ठित क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की हॉट सीट तक पहुँचने वाली सरगुजा जिले की पहली महिला बन गई हैं। खास बात यह है कि वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला शिक्षिका होंगी, जो KBC के मंच पर महानायक अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर खेलती नजर आएंगी।
KBC की ओर से जारी किए गए पहले प्रोमो में साफ देखा जा सकता है कि विभा चौबे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को हॉट सीट पर बैठकर सवालों का जवाब देती दिखेंगी। प्रोमो सामने आते ही सरगुजा जिले के साथ-साथ पूरे शिक्षा जगत में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है। शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी इस उपलब्धि को जिले के लिए ऐतिहासिक मान रहे हैं।
वर्तमान में विभा चौबे दरिमा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वर्षों से छात्राओं को पढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्होंने खुद भी निरंतर अध्ययन और ज्ञान अर्जन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए रखा। पढ़ाने की यही लगन और सीखने की निरंतर चाह उन्हें एक राष्ट्रीय मंच तक ले गई।
इस सफलता के पीछे परिवार का मजबूत सहयोग भी रहा है। उनके पति प्रमेन्द्र चौबे, जो मैनपाट मिडिल स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं, ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। शिक्षा से जुड़े इस दंपति की कहानी आज प्रदेश भर के शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी है।
विभा चौबे की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ का शिक्षा विभाग भी गौरव महसूस कर रहा है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उम्र, स्थान या संसाधन कभी सपनों की राह में बाधा नहीं बनते, अगर मेहनत और आत्मविश्वास साथ हो। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं, छात्राओं और शिक्षकों के लिए उनकी यह सफलता आगे बढ़ने का मजबूत संदेश दे रही है।
आज विभा चौबे की पहचान सिर्फ एक शिक्षिका के रूप में नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उस बेटी के रूप में हो चुकी है, जिसने बच्चों को ज्ञान देते-देते खुद इतिहास रच दिया। उनकी यह कामयाबी सरगुजा जिले के लिए गर्व, शिक्षा जगत के लिए सम्मान और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन गई है।
इसे भी पढ़ें –
गूगल का छुपा मजेदार ट्रिक: सर्च बार में लिखते ही ‘67’, अचानक कांपने लगेगी आपकी स्क्रीन
Cold Weather: नए साल पर ठिठुरन का पहरा, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट




