
Health Tips: दिन की सही शुरुआत अगर अच्छे नाश्ते से हो जाए तो शरीर और दिमाग दोनों पूरे दिन तरोताजा रहते हैं। सुबह का ब्रेकफास्ट सिर्फ भूख मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण और ऊर्जा देने वाला सबसे अहम मील माना जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि जो लोग नियमित रूप से हेल्दी ब्रेकफास्ट करते हैं, वे कई गंभीर बीमारियों से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि नाश्ते में सही और पौष्टिक चीजों को शामिल किया जाए। आज हम आपको दो ऐसे सुपरफूड्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें सुबह के नाश्ते में शामिल कर आप सेहत को मजबूत बना सकते हैं।
मखाना सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं माना जाता। रोज सुबह खाली पेट मखाने का सेवन करने से शरीर को कई तरह के फायदे मिलते हैं। डायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए मखाना खास तौर पर फायदेमंद बताया जाता है, क्योंकि यह ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद करता है। इसके अलावा हार्ट से जुड़ी समस्याओं में भी मखाना लाभकारी है और दिल को स्वस्थ रखने में सहायक माना जाता है। नियमित रूप से मखाना खाने से तनाव और मानसिक थकान में भी राहत मिल सकती है। इतना ही नहीं, यह किडनी को डिटॉक्स करने और उसे मजबूत बनाने में भी मदद करता है।
वहीं ओट्स को हेल्दी ब्रेकफास्ट का सुपरस्टार कहा जाए तो गलत नहीं होगा। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर रोजाना नाश्ते में 30 से 40 ग्राम ओट्स का सेवन किया जाए तो शरीर को भरपूर पोषण मिलता है। ओट्स में मौजूद ‘बीटा ग्लूकैन’ नामक फाइबर कोलेस्ट्रॉल कम करने और दिल की सेहत सुधारने में अहम भूमिका निभाता है। हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से परेशान लोगों के लिए भी ओट्स बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को मजबूत करता है, कब्ज की समस्या से राहत दिलाता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है। साथ ही ओट्स में कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम और विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स जैसे जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं।
अगर आप चाहते हैं कि दिनभर शरीर में एनर्जी बनी रहे और सेहत से जुड़ी समस्याएं दूर रहें, तो सुबह के नाश्ते में मखाना और ओट्स को जरूर शामिल करें। सही खानपान ही बेहतर स्वास्थ्य की पहली सीढ़ी है।
(Disclaimer: इस आर्टिकल में बताए गए टिप्स केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से हैं। किसी भी तरह का डाइट प्लान अपनाने, फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने या स्वास्थ्य से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने डॉक्टर या हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। फटाफट न्यूज किसी भी दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)




