
रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्षों से झूठ की राजनीति और आत्ममुग्धता में जीती आ रही है। उन्होंने कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यालय घेरने के ऐलान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सुबह 11 बजे से ही एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का इंतजार होता रहा, लेकिन कांग्रेस अपनी ही भीड़ जुटाने में नाकाम रही।
नलिनीश ठोकने ने कहा कि संख्या बल के अभाव में कांग्रेस पार्टी भाजपा कार्यालय के आसपास भी नहीं पहुंच सकी। हालात यह रहे कि कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे अपने ही नेताओं के समर्थन में सड़कों पर उतरने से कतराते नजर आए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब ऐसी स्थिति में पहुंच चुकी है जहां उसे आंदोलन, प्रदर्शन या घेराव के लिए भी कार्यकर्ता नहीं मिल रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस का कथित घेराव और प्रदर्शन पूरी तरह से “सुपर डुपर फ्लॉप शो” साबित हुआ, जिसने पार्टी की जमीनी हकीकत और संगठनात्मक कमजोरी को उजागर कर दिया।




