
बलरामपुर। महिला सशक्तिकरण और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में एक दिवसीय महिला खेल-कूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकशी, 100 मीटर दौड़, ऊँची कूद और लंबी कूद जैसी खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्राओं में खेल के प्रति गहरी रुचि और जोश देखते ही बनता था, जिससे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापक शोभा यादव ने न सिर्फ विजेता और उपविजेताओं को शील्ड व प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया, बल्कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली हर एक खिलाड़ी को सम्मानित कर बेटियों के हौसले को सलाम किया। साथ ही, मंच पर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। पत्रकार बंधुओं और शिक्षकों को भी डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में शोभा यादव ने कहा कि “खेल बच्चों के जीवन में न सिर्फ अनुशासन और संयम लाते हैं, बल्कि सहयोग और सामूहिकता की भावना का भी विकास करते हैं। खेल से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी बच्चे सशक्त बनते हैं।”
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, खेल मुवा समिति सभापति अनिता मरकाम, जनपद सदस्य अर्पणा दीक्षित, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राविका एक्का, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानु प्रकाश दीक्षित, सुरेन्द्र यादव, कृष्णा मरकाम, प्राचार्य सुनील कुमार एक्का एवं विद्यालय स्टाफ ने आयोजन को सराहा और सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।