
अम्बिकापुर/सीतापुर/अनिल उपाध्याय। सरगुजा जिले के सीतापुर नगर समेत क्षेत्र में बढ़ते असामाजिक गतिविधियों से आम लोगो का जीना दूभर हो गया है। कार्यवाही के अभाव में असामाजिक तत्वों का हौसला दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। जिसकी वजह से आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगा है। ऐसा ही एक मामला ग्राम बलामपुर में घटित हुआ है। जहाँ डीजल चोर गिरोह ने ढाबा संचालक पर इसलिए जानलेवा हमला कर दिया। क्योकि वो डीजल चोर गिरोह को अपने ढाबा के सामने खड़ी गाड़ियों से डीजल चोरी करने से मना करता था। जिससे नाराज होकर डीजल चोर गिरोह ने इस घटना को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे क्र-43 में ग्राम बलामपुर के पास 45 वर्षीय ललित यादव आ मनीराम यादव ढाबा का संचालन करता है। हमेशा की तरह मंगलवार को भी ढाबा संचालक ललित यादव अपने ढाबा में बैठा हुआ था। तभी रात आठ बजे करीब आठ दस की संख्या में डीजल चोर गिरोह के सदस्य ढाबा में पहुँचे और ललित यादव पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान चोरों ने डंडे से ललित यादव पर तब तक वार करते रहे जब तक वो बेहोश न हो गया। इस दौरान बीच बचाव करने जो भी आया उसे भी बेदम पीटा गया। बेदम पिटाई के बाद ललित यादव को मरा समझ चोर गिरोह के सदस्य मौके से फरार हो गए।
इस जानलेवा हमले के दौरान चोरों ने ललित यादव का बायां हाथ एवं पैर मारकर तोड़ दिया था। इसके अलावा डंडे से उसके सिर पर घातक वार किया था। जिससे उसका सिर फुट गया था और ज्यादा खून बहने की वजह से वो बेहोश हो गया था। उसकी गंभीर हालत देख उसे तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
डीजल चोरी करने से मना करना बना इस हमले की वजह
इस जानलेवा हमले की वजह डीजल चोर गिरोह को गाड़ियों से डीजल चोरी करने से मना करना था। ढाबा संचालक ललित यादव के ढाबे में रात को काफी संख्या में लंबी दूरी की यात्रा करने वाली बड़ी गाड़ियां रुकती थी। गाड़ी खड़ा करने के बाद वाहन के चालक वहाँ आराम किया करते थे। इसी दौरान बलामपुर क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोर गिरोह के सदस्य वाहनों से डीजल चोरी किया करते थे। एक रात ललित यादव ने वाहन से डीजल चोरी करते हुए डीजल चोर गिरोह को देख लिया था। ढाबे के बाहर खड़ी वाहनों से डीजल की चोरी देख ललित यादव को अटपटा लगा और उसने ऐसा करने से मना किया।
यह बात चोर गिरोह को नागवार गुजरी और गिरोह के आठ दस सदस्य मंगलवार की रात आठ बजे आठ दस की संख्या में ललित यादव के ढाबा पहुँचे और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। चोर गिरोह के सदस्य उसे तब तक मारते रहे जब तक वो बेहोश न हो गया। इस हमले के पीछे ग्राम विशुनपुर के अपराधी किस्म के लोगो का हाथ बताया जा रहा है। जो विगत लंबे समय से नेशनल हाइवे पर खड़ी गाडियों से डीजल चोरी करते चले आ रहे है। इनकी संख्या बल अधिक होने से डर के मारे लोग इनका विरोध नही कर पाते थे।
ढाबा संचालक ने विरोध किया तो उसकी जान पर बन आई। डीजल चोर गिरोह के इस बुलंद हौसले के पीछे इनके विरुद्ध कार्यवाही का अभाव माना जा रहा है। दशकों पहले अपराध का गढ़ रहा विशुनपुर पर उस दौर के पुलिस अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से काबू पाया था। अब दशकों बाद फिर से अपराध का गढ़ बनने जा रहे विशुनपुर के युवा पीढ़ी पर अगर समय रहते शिकंजा नही कसा गया तो भविष्य में क्षेत्र की जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
इस संबंध में थाना प्रभारी गौरव कुमार पांडेय ने बताया कि मारपीट की घटना के आरोपी चिन्हांकित कर लिए गए है। इस घटना में शामिल जितने भी है उन सभी की गिरफ्तारी जल्द होगी।