अम्बिकापुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प, एक कैदी गंभीर रूप से घायल, लूडो खेलने के दौरान बिगड़ी बात

Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच हुई झड़प में एक कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना आठ नंबर बैरक की है, जहां कैदी विनय पाण्डेय के चेहरे पर ब्लेड से हमला किया गया। इस हिंसक झड़प के बाद विनय पाण्डेय को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Random Image

जानकारी के मुताबिक, यह झड़प बैरक में लूडो खेलने के दौरान कैदियों के बीच हुए आपसी विवाद से शुरू हुई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद हिंसक रूप धारण कर गया और एक कैदी ने ब्लेड से विनय पाण्डेय पर हमला कर दिया। हमले में विनय के चेहरे पर गहरी चोट आई है।

इस घटना ने सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल प्रशासन की नाकामी के चलते कैदियों के पास ब्लेड जैसे हथियार कैसे पहुंचे, यह एक गंभीर चिंता का विषय है।

केंद्रीय जेल अम्बिकापुर में यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ चुके हैं। जेल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।