राजेश्वर राव समेत सरगुजा के चार खिलाड़ी को केंद्रीय खेल मंत्री देंगे उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु अवार्ड..


अम्बिकापुर। खेल मंत्रालय द्वारा 17 नवम्बर को भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशासक एवं अंतर्राष्ट्रीय कोच श्री के राजेश्वर राव एवं 5 अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी निशा कश्यप, अनूपा तिर्की, सुलोचना तिग्गा, बबीता तिग्गा और सुनयना निषाद को विगत चार वर्ष से उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश के इन खिलाडिय़ों ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। लॉकडाउन के दौरान कोच राजेश्वर राव ने ऑनलाईन ट्रेनिंग के माध्यम से खिलाडिय़ों का प्रशिक्षण जारी रखा।

उत्कृष्ट प्रदर्शन में सम्मानित होने वालों में चार खिलाड़ी सरगुजा के शामिल है।


सरगुजा जिला बास्केटबाल संघ के सचिव व कोच राजेश प्रताप सिंह के द्वारा ट्राईबल एरिया के बच्चों लिए टेलेंट सर्च प्रोग्राम चलाया गया। जिसमें सरगुजा के अनेक खिलाड़ियों का चयन (भारतीय खेल प्राधिकरण) साईं ट्रेनिंग सेन्टर में हुआ। उनमें से चार खिलाड़ी निशा कश्यप, अनूपा तिर्की, सुलोचना तिग्गा और बबीता तिग्गा शामिल हैं। जिन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु केन्द्रीय खेल मंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

सरगुजा के कई खिलाड़ी आज भी वहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राजेश प्रताप सिंह, के. राजेश्वर राव और के. राधा राव के विशेष मार्गदर्शन में सरगुजा की प्रतिभा काफी निखर रहा है।

सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंह देव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन में सम्मानित होने वाले सरगुजा के चार खिलाड़ी निशा कश्यप, अनूपा तिर्की, सुलोचना तिग्गा और बबीता तिग्गा को हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।