अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..नगर सहित पूरे क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा का पर्व अत्यंत धूमधाम भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शक्ति की भक्ति में लीन श्रद्धालु सुबह से लेकर देर रात तक माता रानी के दर्शन के लिए पंडालों में पहुंच रहे हैं।इस वर्ष नगर की प्रमुख दुर्गा उत्सव समितियों ने भव्य पंडाल और आकर्षक झांकियां तैयार की हैं,जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।इसके अलावा पंडालों के आसपास एवं नगर के चौक चौराहों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।जिसकी वजह से पूरा शहर से पूरा शहर रात को रंग बिरंगे रोशनी से जगमगा उठता है।वही शाम ढलते ही पंडालों में होने वाले महाआरती में शामिल होने सड़को पर भक्तों का तांता लग जाता है।
नगर की आराध्य देवी माँ महामाया मंदिर में उमड़ रही भक्तों की भारी भीड़
नगर की आराध्य देवी माँ महामाया मंदिर में में माता की पूजा अर्चना के लिए सुबह शाम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।इसके साथ ही मंदिर परिसर में भजन कीर्तन एवं जसगीत के साथ जगराता का आयोजन किया जा रहा है।इस आयोजन में भारी संख्या में भक्त शामिल होकर भक्तिभाव से भजन संध्या का आनंद ले रहे है।मनोकामनापूर्ति हेतु भक्तों द्वारा माँ के दरबार में प्रज्वलित घी एवं तेल की अखण्ड ज्योति से माँ का दरबार जगमगा उठा है।
जयस्तंभ चौक पर विराजीं माता, उमड़ रही है भक्तों की भारी भीड़
नगर के जयस्तंभ चौक में सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति द्वारा इस वर्ष भी बेहद भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है।जयस्तंभ चौक पर माता के दर्शन के लिए तड़के से ही भक्तों की कतारें लग रही हैं। महाआरती के समय पूरा चौक जय माता दी के जयकारों और शंखध्वनि से गूंज उठता है।महाआरती के बाद पंडाल में देर रात तक भक्त गरबा एवं डांडिया नृत्य के साथ शक्ति की भक्ति में लीन हो जाते है।इसके अलावा पंडाल में होने वाले जगराता एवं भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों द्वारा दी जाने वाली प्रस्तुति में भक्त झूम उठते है।
मध्यनगरीय दुर्गापूजा में दिख रही पारंपरिक भव्यता
मध्यनगरिय दुर्गापूजा समिति की ओर से पारंपरिक और सांस्कृतिक रीती-रिवाजों के साथ उत्सव मनाया जा रहा है। यहां स्थापित माता दुर्गा की प्रतिमा की सौम्यता देखते ही बन रही है। पंडाल में लाइटिंग और विशेष साज-सज्जा की गई है।शाम होते ही यहां महाप्रसाद और जसगीत का आयोजन किया जा रहा है,जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक सपरिवार शामिल हो रहे हैं।
लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में महाआयोजन, गरबा एवं जगराता की धूम
लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम दुर्गापूजा समिति का पंडाल इस बार अपने विशाल स्वरूप और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए चर्चा में है।स्टेडियम के बड़े परिसर में नवदुर्गा माता की प्रतिमा स्थापित की गई है।यहां दर्शनार्थियों की भारी भीड़ के साथ-साथ देर रात तक जगराता के साथ पारंपरिक गरबा और डांडिया उत्सव का आयोजन हो रहा है,जहां युवा और बच्चे पारंपरिक पोशाकों में माता की भक्ति के गीतों पर थिरक रहे हैं।
क्षेत्र की आराध्य देवी माँ मंगरेलगढ़ में उमड़ रहा आस्था का सैलाब
क्षेत्र की आराध्य देवी माँ मंगरेलगढ़ परिसर में शारदीय नवरात्र का पर्व बड़े धूमधाम एवं भक्तिभाव से मनाया जा रहा है।माँ मंगरेलगढ़ मंदिर समेत पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।माँ मंगरेलगढ़ के दर्शन हेतु क्षेत्र के अलावा दूर दराज से भी काफी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।माता की इतनी महिमा है कि यहाँ सच्चे दिल से भक्तों द्वारा मांगी गई मनोकामना माँ पूरी करती हैं।शारदीय नवरात्रि के अवसर पर भक्त अपनी मनोकामनापूर्ति हेतु माँ के दरबार में अखण्डज्योति जलाते हैं ताकि माँ उनकी मनोकामना पूर्ण कर सकें।पूरे नवरात्र भर जयघोष के साथ माता का दरबार भक्तों की भीड़ से सजा रहता है।इस अवसर पर भक्तों द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया जाता है।जिसमे भारी संख्या में लोग शामिल होकर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते हैं।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था चाक-चौबंद
नगर समेत क्षेत्र में चल रहे शारदीय नवरात्र के अवसर पर पंडालों सहित नगर के अन्य पूजा स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल की मदद से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है ताकि श्रद्धालु शांति और उल्लास के साथ इस महापर्व का आनंद ले सकें।
