रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित ‘तृतीय राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता-2026’ में सरगुजा के खिलाड़ियों ने अपनी अद्भुत युद्धकला और खेल कौशल का लोहा मनवाते हुए खेल जगत को अचंभित कर दिया है। द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान और गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया (GFI) से संबद्धता के तहत माता सुंदरी पब्लिक स्कूल में संपन्न हुई इस भव्य प्रतियोगिता में सरगुजा के 35 शूरवीरों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जिले का परचम लहराया।
इस राज्य स्तरीय महाकुंभ में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों में सरगुजा जिले के 80 खिलाड़ियों के विशाल दल ने हिस्सा लिया था। राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन और रजत सिंह, कृष्ण एक्का, आकाश कश्यप तथा प्रिया जायसवाल के कुशल नेतृत्व में उतरी सरगुजा की टीम ने टीम सोटी, टीम फरी सोटी और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में आक्रामक व संतुलित प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस स्वर्णिम सफलता के पीछे खिलाड़ियों के अथक परिश्रम के साथ-साथ दशमेश स्कूल परिवार का विशेष सहयोग रहा, जिसने गतका के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा के पदाधिकारी बलविंदर सिंह छाबड़ा ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए घोषणा की कि आने वाले समय में जिले में गतका खेल का और व्यापक विस्तार किया जाएगा। उन्होंने प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सरगुजा का नाम रोशन कर सकें। इस शानदार प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों, दशमेश पब्लिक स्कूल परिवार और अंचल के खेलप्रेमियों में जश्न का माहौल है तथा सभी ने विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।
इसे भी पढ़ें –
