
अम्बिकापुर। सरगुजा जिला नेटबॉल संघ ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। सरगुजा की प्रिती मिंज का चयन छत्तीसगढ़ सीनियर बालिका नेटबॉल टीम में हुआ है। वह आगामी 3वीं फर्स्ट फाइव सीनियर राष्ट्रीय नेटबॉल चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चंडीगढ़, पंजाब में 31 मार्च से 2 अप्रैल 2025 तक आयोजित की जाएगी।
सरगुजा में नेटबॉल का बढ़ता प्रभाव
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने सरगुजा जिले में नेटबॉल के बढ़ते प्रभाव और प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में नेटबॉल का भविष्य उज्ज्वल है और लगातार खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने आशा जताई कि प्रिती मिंज इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगी।
बधाई और शुभकामनाएं
प्रिती के चयन पर सरगुजा जिला नेटबॉल संघ के सचिव रजत सिंह, सौरभ सिन्हा, गौरव सिंह, के.पी. सिंह, खुशबू गुप्ता सहित पूरे संघ परिवार ने उन्हें बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ ने भी प्रिती को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
खेल जगत में सरगुजा की नई पहचान
सरगुजा जिला लगातार खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रिती मिंज का राष्ट्रीय स्तर पर चयन न केवल जिले के लिए गर्व की बात है बल्कि यह युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा।