अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..विजयादशमी के पावन पर्व पर सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम में अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विशाल रावण दहन समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर गगनभेदी जयकारों और आतिशबाजी की जगमगाहट के बीच 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले को अग्नि के हवाले किया गया।
मुख्य समारोह से पूर्व भगवान श्रीराम, भ्राता लक्ष्मण और माता जानकी के पावन स्वरूपों की नयनाभिराम झांकी व भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सीतापुर नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए यह शोभायात्रा लालबहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वरूपों का वंदन किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी मौजूदगी में विधि-विधान पूर्वक रावण दहन संपन्न कराया गया।
आयोजन में आदर्शनगर दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष, समस्त पदाधिकारी, निष्ठावान कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे।
