जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोशल मीडिया पर दोस्ती और अफेयर के नाम पर ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बार डांसर ने खुद को छात्रा बताकर शादीशुदा कारोबारी को प्रेम जाल में फंसाया और फिर झूठे केस की धमकी देकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग ली। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी युवती को ढाई लाख रुपये की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्वारीघाट निवासी व्यापारी सार्थक सिंह की पहचान अप्रैल 2025 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए पूजा रैदास नाम की युवती से हुई थी। मूल रूप से शहडोल की रहने वाली और जबलपुर के मदन महल इलाके में रह रही पूजा ने खुद को कॉलेज छात्रा बताया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अफेयर शुरू हो गया।
कुछ समय बाद युवती ने अपना असली रंग दिखाना शुरू किया। उसने कारोबारी पर झूठे आपराधिक मामले में फंसाने का दबाव बनाते हुए 10 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग शुरू कर दी। कारोबारी की लाख मिन्नतों के बाद सौदा तय हुआ, जिस पर युवती तत्काल ढाई लाख रुपये कैश देने की जिद पर अड़ गई। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और कारोबारी को नकदी लेकर युवती से मिलने भेजा। जैसे ही पूजा ने ढाई लाख रुपये की रकम अपने बैग में रखी, मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से पूरी रकम बरामद कर ली गई। जांच में सामने आया कि आरोपी युवती छात्रा नहीं, बल्कि बार डांसर है। पुलिस अब युवती के आपराधिक रिकॉर्ड और इस गिरोह में शामिल अन्य संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है।
