जमुई। बिहार के जमुई जिले में प्यार और रिश्तों का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। पूर्णिया जिले की रहने वाली 40 वर्षीय, पांच बच्चों की मां बिंदु देवी उर्फ सीमा परवीन को जमुई के रहने वाले 19 वर्षीय युवक महावीर ठाकुर से प्यार हो गया। उम्र के इस फासले और सामाजिक बंधनों की परवाह न करते हुए दोनों ने घर छोड़ दिया और कोलकाता जाकर एक मंदिर में शादी रचा ली। शादी के बाद जब यह प्रेमी जोड़ा खैरा थाना क्षेत्र के खडूई बरियारपुर गांव पहुंचा, तो कुछ ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया, लेकिन जब दोनों ने बालिग होने और अपनी मर्जी से साथ रहने की इच्छा जताई, तो पुलिस ने उन्हें वापस घर भेज दिया। खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि दोनों अपनी मर्जी से साथ रह रहे हैं, इसलिए पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
इस अनोखे विवाह की शुरुआत करीब दो साल पहले एक रॉन्ग नंबर से आई कॉल के जरिए हुई थी। जमुई के खडूई बरियारपुर निवासी महावीर ठाकुर और बिंदु के बीच फोन पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरी नजदीकियों में बदल गई। महावीर का कहना है कि बिंदु ही उसका सच्चा प्यार है और उसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि बिंदु की पिछली जिंदगी कैसी थी। उसने साफ शब्दों में कहा कि अब उसे बिंदु के साथ ही जीना-मरना है। शादी के बाद इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वे समाज के सामने अपने रिश्ते को स्वीकार करते दिख रहे हैं।
इस कहानी का एक पहलू महिला का अतीत भी है। दरअसल, करीब 10 साल पहले बिंदु ने पूर्णिया के रहने वाले मोहम्मद मनन आलम से प्रेम विवाह किया था, जिसके लिए उसने अपना धर्म बदलकर नाम सीमा परवीन रख लिया था। इस शादी से उसके पांच बच्चे भी हैं। बिंदु का आरोप है कि शादी के बाद से मनन लगातार उसे प्रताड़ित करता था, जिससे तंग आकर उसने मिस कॉल के जरिए संपर्क में आए महावीर का हाथ थामने का फैसला किया। अब महावीर से शादी करने के बाद महिला ने दोबारा हिंदू धर्म अपनाने और अपने नए पति के साथ पूरी जिंदगी बिताने की इच्छा जाहिर की है।
