अमरावती/धामणगांव। महाराष्ट्र के बहुचर्चित समृद्धि महामार्ग पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया, जहाँ दुर्गा उत्सव की खुशियां पलक झपकते ही गहरे मातम में तब्दील हो गईं। शेगांव से मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा लेकर लौट रहे युवकों के पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में 5 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना अमरावती जिले के धामणगांव रेलवे पुलिस थाना अंतर्गत समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 के पास आधी रात करीब 1 बजे घटी। वर्धा के सिंदी (मेघे) स्थित ‘नवदुर्गा पूजा उत्सव समिति’ के कार्यकर्ता अपनी परंपरा के अनुसार शेगांव से दुर्गा माता की प्रतिमा पिकअप वाहन में सुरक्षित रूप से लेकर वर्धा लौट रहे थे। इसी दौरान महामार्ग पर तेज गति से आ रहे भारी कंटेनर ने उनके पिकअप वाहन को पीछे से भीषण टक्कर मार दी। प्रभाव इतना जबर्दस्त था कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार युवक दूर जा गिरे।
मृतकों की प्राथमिक पहचान घनश्याम पाटील, ओम गावंडे, सचिन बादमनवार, प्रवीण बाकणे और दत्ता कुळसंगे के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन राहत दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को वर्धा के सावंगी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ कुछ की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल व अस्पताल का दौरा कर पीड़ितों के परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है, वहीं दुर्घटना के कारणों और कंटेनर चालक की लापरवाही को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
