Chhattisgarh News: बैंड बाजे के साथ निकली भ्रष्टाचारियों की बारात, जमकर नाचे भाजपा कार्यकर्ता, कांग्रेस ने कही ये बात?

रायपुर. भारतीय जनता युवा मोर्चा ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। भाजयुमो ने रायपुर शहर में भ्रष्टाचारियों की बरात बैंड बाजे के साथ निकाली। कार्यकर्ता राज्य सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में कोयला, शराब, चावल, पीएससी, रेत, जमीन घोटालों के बैनर पोस्टर लेकर निकले। बरात में घोड़ी लेकर पहुंचे युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सरकार से सवाल भी पूछा। युवा मोर्चा की बरात पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने पूर्ववर्ती रमन सरकार में हुए घोटालों को गिनाया। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि 15 सालों की बहुत लंबी लिस्ट है। कुछ छूट जाएगा तो भाजपा नेताओं को हम जानकारी दे देंगे।

भाजयुमो ने छत्‍तीसगढ़ सरकार पर साधा निशाना

बरात में प्रदेश सरकार के मंत्रियों का मुखौटा लगाकर कार्यकर्ता निकले। बैंड बाजे के साथ कार्यकर्ता जयस्तंभ चौक के आबकारी मंत्री कवासी लखमा के घर तक जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने कलेक्ट्रेट चौक पर रोक लिया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविंदा गुप्ता ने कहा कि सरकार जनता के जेब पर डाका डाल रही है। यह बरात जनता के बीच जाने का एक माध्यम है। शहर के सभी मुख्य चौक-चौराहों पर इस बारात के निमंत्रण पत्र बांटे गए।

जनता ने 2018 में ही रमन सरकार की निकाल दी थी बारात: कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ने कहा कि जनता ने वर्ष 2018 में रमन सरकार की बरात निकाल दी थी। रमन सरकार में नान घोटाला, धान घोटाला, शराब घोटाला, डीकेएस घोटाला, दवा घोटाला बड़ी उपलब्धि थी। रमन सरकार के मंत्री जमीन घोटाले से लेकर अन्य घोटाले में फंसे थे, इसलिए नौ मंत्रियों को जनता ने चुनाव में हरा दिया। अब भाजयुमो नेताओं को रमन सरकार के मंत्रियों को घोटालों की पगड़ी पहनाकर शहर-शहर घुमाना चाहिए।