नई दिल्ली। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जिसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) की वरिष्ठ नेता और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले सुरक्षित बच गईं। पुणे से मुंबई लौटते समय एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने सुप्रिया सुले की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हालांकि टक्कर काफी तेज थी, जिससे वाहन को मामूली क्षति पहुंची है, लेकिन राहत की बात यह रही कि सांसद समेत कार में सवार सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की जानकारी देते हुए सुप्रिया सुले ने बताया कि गुजरात नंबर (GJ 13 CF 5257) की एक कार ने उनकी गाड़ी को साइड से टक्कर मारी, जिसमें वे बाल-बाल बच गईं। इस घटना के बाद सांसद ने सड़क सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और नागरिकों से जिम्मेदारी से वाहन चलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रफ्तार का जुनून और ड्राइविंग में लापरवाही न केवल चालक बल्कि दूसरों की जान को भी जोखिम में डालती है। सुले ने लोगों से अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाने और सड़क नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
