पटना। बिहार के चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कानूनी दांवपेचों के बीच अब उनके प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ (KGS) पर सीलिंग का खतरा मंडराने लगा है। बिहार फायर ब्रिगेड सर्विस की हालिया जांच में इस कोचिंग सेंटर के भीतर सुरक्षा मानकों को लेकर भारी लापरवाही और कई बड़ी खामियां उजागर हुई हैं। बिहार अग्निशमन सेवा के डीआईजी मनोज कुमार नट ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि खान सर के इस संस्थान में फायर सेफ्टी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था, जिसके बाद प्रबंधन को इन कमियों को दूर करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इस मामले में प्रशासनिक सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विभाग ने खान सर के कोचिंग सेंटर को अपनी व्यवस्था सुधारने के लिए महज 15 दिनों की मोहलत दी है। अधिकारी के मुताबिक, यदि इस तय समय सीमा के भीतर अग्नि सुरक्षा मानकों को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कोचिंग सेंटर को तुरंत सील कर दिया जाएगा और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। दरअसल, यह कोई अचानक हुई कार्रवाई नहीं है; इससे पहले भी स्थानीय एसडीओ के साथ मिलकर किए गए एक संयुक्त औचक निरीक्षण और फायर ऑडिट में यहां बड़ी लापरवाही पकड़ी गई थी, जिसे लेकर इसी साल 2 मार्च को संस्थान को आधिकारिक नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
अग्निशमन विभाग की यह ताबड़तोड़ कार्रवाई केवल खान सर के संस्थान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे पटना में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। विभाग फिलहाल शहर के अस्पतालों और होटलों की सघन जांच कर रहा है, जिसके तहत अब तक पटना के 5 बड़े अस्पतालों और 6 प्रसिद्ध होटलों को सील करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। सील होने वाले अस्पतालों की सूची में एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, आरोग्य वर्धन अस्पताल, पिनक्कल अस्पताल, श्यामा ट्रस्ट एंड रिसर्च अस्पताल और एपेक्स अस्पताल जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
डीआईजी मनोज कुमार नट ने साफ चेतावनी दी है कि होटलों और अस्पतालों के इस अभियान के तुरंत बाद कोचिंग संस्थानों की दोबारा री-चेकिंग शुरू होगी, और जिन भी सेंटर्स ने नोटिस के बावजूद लापरवाही बरती, उन्हें बिना किसी रियायत के सीधे सील कर दिया जाएगा।
