नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसके चलते उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों तक झमाझम बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। वहीं, मध्य भारत में मानसून की सक्रियता बढ़ने से अगले 24 घंटों के भीतर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र के कोंकण व विदर्भ क्षेत्रों और गोवा में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है।
पहाड़ी और मैदानी राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में जहां भारी बारिश की आशंका है, वहीं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमटा रहेगा।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बादलों का डेरा रहेगा। बिहार, झारखंड और ओडिशा में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान, तेज हवाओं और वज्रपात के साथ व्यापक बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
प्रायद्वीपीय भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में मानसूनी हवाओं के प्रभाव से व्यापक वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में मौसमी गतिविधियों का यह दौर कम से कम 20 अगस्त तक बना रहेगा।
