कोलकाता. पश्चिम बंगाल के केंद्रीय कोलकाता में एक होटल से छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनका वीजा समाप्त होने के बावजूद भारत में रहना अवैध था. यह कार्रवाई पार्क स्ट्रीट थाना की टीम ने की. पुलिस ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार सभी युवक बांग्लादेश की सत्तारूढ़ पार्टी, आवामी लीग, से जुड़े हुए हैं. ये लोग वीजा अवधि पूरी होने के बाद भी अपने देश लौटने के बजाय कोलकाता में छिपकर रह रहे थे.
इसे भी पढ़ें –
शादी रिसेप्शन में सिलेंडर ब्लास्ट, 50 फीट तक उठीं आग की लपटें, मेहमानों ने भागकर बचाई जान
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान आबिर हुसैन, मोहम्मद मामुन रशीद, मोहम्मद अलीमुन गाजी, आज़म मोल्ला, फैजल अमीन और जायदुल इस्लाम के रूप में हुई है. इनमें आज़म मोल्ला पेशे से गायक हैं और गिरफ्तारी के समय उन्होंने अपना गिटार साथ रखने की इच्छा जताई और गाने की अनुमति भी मांगी.
सोमवार को गिरफ्तार होने के बाद सभी आरोपितों को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें 27 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
इसे भी पढ़ें –
महाशिवरात्रि पर 272 भटके पुनः अपने पूर्वजों की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी आरोपितों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है और ये मुख्य रूप से बांग्लादेश के नोआखाली और टांगाइल क्षेत्र के निवासी हैं. पिछले वर्ष बांग्लादेश में अशांत स्थिति के कारण वे अलग-अलग समय पर चिकित्सीय वीजा लेकर कोलकाता आए थे. यहां आने के बाद ये एक-दूसरे के संपर्क में आए और विभिन्न होटलों में ठहरने लगे. कुछ ने स्थानीय स्तर पर काम की तलाश भी की.
सूत्रों ने बताया कि नवंबर से इनके वीजा की अवधि समाप्त होने लगी और जनवरी तक सभी के वीजा पूरी तरह समाप्त हो चुके थे. इसके बावजूद वे अपने देश लौटने को तैयार नहीं थे. गिरफ्तारी के लगभग सात दिन पहले ये कॉलिन स्ट्रीट के एक होटल में ठहरे हुए थे.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सजा की अवधि पूरी होने के बाद विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी.
