रायगढ़। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक शातिर अपराधी के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने जिला बदर (तड़ीपार) के आरोपी चाहत शुक्ला का शहर की सड़कों पर पैदल जुलूस निकाला। पुलिस आरोपी को जिला अस्पताल से लेकर कोर्ट तक पैदल मार्च कराते हुए ले गई, जिसे देखने के लिए तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कल (बीते दिन) जिला बदर का आरोपी चाहत शुक्ला अचानक पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंच गया था। वहां उसने न सिर्फ पुलिसकर्मियों के साथ तीखी हुज्जतबाजी और हंगामा किया, बल्कि अपने साथ लाए पेट्रोल को अपने ऊपर उड़ेलकर आत्मदाह (आग लगाने) की कोशिश भी की। इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की मेडिकल जांच कराई। आज कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने अपराधियों में खौफ और आम जनता में कानून के प्रति विश्वास जगाने के उद्देश्य से आरोपी चाहत शुक्ला का जिला अस्पताल से लेकर न्यायालय परिसर तक पैदल जुलूस निकाला।
