रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता नजर आ रहा है. फरवरी के महीने में ही प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है, जिससे यह संकेत मिलने लगे हैं कि इस बार ठंड जल्दी विदाई लेने के मूड में है. दिन के समय तेज धूप और दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास अब आम हो गया है, जबकि सुबह और शाम केवल हल्की ठंड ही रह गई है.
पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 4 से 5 दिनों के भीतर औसतन तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा दर्ज किया गया है. इसका असर सीधे तौर पर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है. अब कई जगहों पर लोग दोपहर में गर्म कपड़ों से दूरी बनाते नजर आ रहे हैं.
इसे भी पढ़ें –
जाज्वलयदेव लोक महोत्सव में नगर पालिका की अवैध वसूली, मेले को बनाया कमाई का जरिया, दुकानदारों में रोष
जाज्वलयदेव लोक महोत्सव में नन्हीं नृत्यांगना सानवी यादव ने भरतनाट्यम से बांधा समां…
राजधानी रायपुर की बात करें तो पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान यहीं रिकॉर्ड किया गया, जो 32.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तेज धूप के चलते दोपहर के वक्त गर्मी का अहसास साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है. वहीं न्यूनतम तापमान सबसे कम अम्बिकापुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, हालांकि वहां भी ठंड का असर पहले की तुलना में अब कमजोर पड़ने लगा है.
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव फिलहाल कमजोर बना हुआ है और उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं की गति में भी कमी आई है. इसी वजह से रात के तापमान में गिरावट सीमित हो गई है और दिन का तापमान तेजी से ऊपर चढ़ रहा है. साथ ही आसमान साफ रहने के कारण सूर्य की किरणें सीधे धरती तक पहुंच रही हैं, जिससे दोपहर में गर्मी बढ़ रही है.
इसे भी पढ़ें –
भाजपा अजजा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बने महेंद्र सिंह मार्को, संगठन में खुशी की लहर
धू-धू कर जली एक्टिवा, बीच सड़क मचा हड़कंप… डायल 112 की गैरमौजूदगी पर भड़के लोग
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 7 दिनों तक प्रदेश में मौसम के रुख में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. इस दौरान तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रह सकता है और दिन में गर्मी का असर बढ़ता रहेगा. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि छत्तीसगढ़ में अब सर्दी धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रही है और गर्मी की आहट साफ सुनाई देने लगी है.
