अम्बिकापुर। सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर के महामाया चौक पर चाबी लूटने को लेकर ट्रैफिक पुलिस और एक युवक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में ट्रैफिक पुलिस द्वारा युवक की पिटाई किए जाने का आरोप है, वहीं युवक द्वारा भी पुलिस जवान पर हाथ उठाने की बात सामने आई है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अम्बिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया चौक पर हुई। विवाद के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति दिखाई दे रही है।
घटना के संबंध में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस जवान ने युवक पर जातिगत गाली-गलौच करने का आरोप लगाया है। वहीं युवक का कहना है कि उसने कोई जातिगत टिप्पणी नहीं की। युवक ने स्पष्ट कहा कि उसे पुलिस जवान का नाम तक नहीं पता, क्योंकि पुलिसकर्मी जैकेट पहने हुए था और नेम प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे में जातिगत गाली देने का सवाल ही नहीं उठता।
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है और ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के बजाय इस तरह की घटनाएं पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।
गौरतलब है कि अम्बिकापुर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पहले भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। देवीगंज रोड पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है। वहीं घड़ी चौक और गांधी चौक जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कई वाहन चालक रेड सिग्नल में ही वाहन निकाल देते हैं। कई बार तो ग्रीन सिग्नल होने में कुछ सेकंड शेष रहते हुए भी लोग तेज रफ्तार में निकल जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार शहर में ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था पहले से ही कमजोर है और आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती हैं।
