सूरजपुर : घाट पेंडारी के पास खाई में गिरा ट्राला… ड्राइवर, स्वीपर की दर्दनाक मौत.. दो अन्य गंभीर

सूरजपुर। डेंजर जोन के नाम से प्रसिद्ध प्रतापपुर इलाक़े के घाट पेंडारी में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।

Random Image

जानकारी के मुताबिक़ ट्राला क्रमांक PB11/CB/2292 झारसगुड़ा उड़ीसा से पाइप लेकर लुधियाना पंजाब जा रहा था। इसी बीच आज सुबह क़रीब 8 बजे घाट पेंडारी के पास मुख्य टर्निंग को पार करने के बाद खाई में गिर गया। इस दौरान ट्राला में चार लोग सवार थे। जिनमें से एक हनी नाम का व्यक्ति स्वयं ही बाहर निकल गया। जिसके पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई है।

घटना की जानकारी मिलने पर चंदोरा थाना के प्रभारी बाजीलाल सिंह, एएसआई राम सिंह, प्रधान आरक्षक केश्वर राम मरावी, रवि शंकर चौबे, आरक्षक रामप्यारे व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंच गए। ट्राला में तीन लोगों के फंसे होने की जानकारी के बाद ढाबे में खड़े क्रेन को बुलाया गया और उन्हें निकालने का प्रयास शुरू कर दिया गया। बड़ी मशक्कत के बाद एक और घायल संदीप बद्दन को बाहर निकाला जा सका, दोनों घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर भेज दिया गया। जहां इलाज किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि ट्राला में फंसकर जिन दो लोगों की मौत हई है। उनमें से एक ड्राइवर और दूसरा स्वीपर हैं। उनके शव बुरी तरह से ट्राला में फंस गए थे जिन्हें क्रेन से बाहर निकाला गया। दोनों का नाम और पता अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दुर्घटनाग्रस्त ट्राला में चार लोग बैठे थे जिनमें से घायल हनी और संदीप बद्दन झारसगुड़ा की पाइप फैक्ट्री से थे। वे इस ट्राला से सम्बंधित नहीं थे और पंजाब अपने घर जाने ड्राइवर से लिफ्ट मांगी थी। दोनों इस दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए हैं जिनका उपचार प्रतापपुर में किया जा रहा है।

गौरतलब है कि एक ट्राला के कारण घाट पेंडारी में कई घण्टों का जाम लगा था। जिसे बाद में क्रेन के माध्यम से किनारे कर आवागमन शुरू कराया गया था। इस दुर्घटना में घायल हुए हनी ने बताया कि जैसे ही हम घाट उतार रहे थे, रास्ते में किनारे एक ट्राला खड़ा था और सामने से बस आ रही थी। इस बीच ड्राइवर को उससे टकराने का डर दिखा तो बचाने के उद्देश्य से उसने स्टेयरिंग काट दी और ट्राला अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वही ट्राला इस दुर्घटना का कारण बना है।