राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव-नागपुर नेशनल हाईवे पर बीती देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ डोंगरगढ़ में मां बमलेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की खुशियाँ मातम में बदल गईं। साईं मिथला ढाबा के पास हाईवे पर खड़े एक पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में 15 वर्षीय किशोर वंश शर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन को सुधार रहा मिस्त्री और परिवार के सदस्यों समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के संबंध में एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि पीड़ित परिवार डोंगरगढ़ से दर्शन कर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में उनका पिकअप वाहन खराब हो गया। रात के अंधेरे और घने कोहरे (फॉग) के बीच वाहन को नाले के किनारे खड़ा कर मिस्त्री उसे ठीक कर रहा था। इसी दौरान नागपुर की दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने खड़े वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुँची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, पुलिस प्रशासन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को पत्र लिखकर दुर्घटना स्थल की तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे हाईवे पर वाहन पार्क करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें।
