अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सोमवार देर रात ग्राम भवराडाँड़ स्थित ग्राहक सेवा केंद्र समेत किराना दुकान में चोरों ने धावा बोला।इस दौरान चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नगदी समेत किराना सामान चोरी कर ले गये।दुकान में चोरी करने आये चोर बड़े शातिर थे और उन्होंने सीसी टीवी से बचने के लिए अपना चेहरा ढंक रखा था।
प्राप्त जानकारी अनुसार सत्यनारायण कुशवाहा का ग्राम भवराडाँड़ में मांड़ नदी के किनारे मुख्य मार्ग से लगा किराने की दुकान और ग्राहक सेवा केंद्र है।यहाँ वो परिवार समेत रहकर दुकान का संचालन करते है।सोमवार की रात दुकान बंद करके सत्यनारायण कुशवाहा हमेशा की तरह दुकान के पीछे अपने घर में सो रहे थे।तभी देर रात चोरों ने उनके दुकान पर धावा बोला और शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुस गये।दुकान के अंदर घुसे चोरो ने पहले गल्ले में रखा नगदी नौ हजार रुपये पार किया और चले गये।थोड़ी देर बाद चोर फिर वापस आये और दुकान के अंदर से किराना सामान चोरी कर ले गये।चोरों ने चोरी करने से पहले सत्यनारायण कुशवाहा एवं उनके घर के बगल में रहने वाले रिश्तेदार के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था।
इसके साथ ही चोरो ने दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे से बचने के लिए अपना चेहरा ढंक रखा था।सुबह बड़ी मुश्किल से दरवाजा खोलने के बाद सत्यनारायण कुशवाहा बाहर आये तब देखा कि उनके दुकान एवं ग्राहक सेवा केंद्र का ताला टूटा हुआ था।चोरों ने शटर का ताला तोड़कर दुकान से नगदी नौ हजार रुपये समेत लगभग दस हजार रुपये का किराना सामान पार कर दिया था।इस घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने दुकान में हुई चोरी के संबंध में पुलिस को अवगत करा दिया है।
एक माह पहले भी चोरो ने इनके यहाँ धावा बोलते हुए लाखों रुपये पार कर दिए थे
एक माह पहले भी चोरों ने इनके यहाँ धावा बोलते हुए चोरों ने चार लाख बाइस हजार रुपये पार कर दिया था।इतनी बड़ी रकम की चोरी के बाद इन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।लेकिन एक माह पहले हुई चोरी का पुलिस आज तक सुराग नहीं लगा पाई है।जबकि चोरी के दौरान चोर दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद भी हो गए थे।इसके बाद भी चोरों का सुराग नही मिल पाना पुलिस की नाकामी को दर्शाता है।
इस संबंध में एसडीओपी तुलसिंह पट्टावी ने बताया कि पुलिस अपना काम कर रही है।नगर समेत क्षेत्र में होने वाली घटनाओं पर रोकथाम के लिए पुलिस कटिबद्ध है।जल्द ही ऐसी घटनाओं पर लोगो को रोकथाम होता नजर आयेगा।
