अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहाँ दो अलग-अलग गांवों में हुए कुत्तों के हमले में एक बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ती इन घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना उदयपुर के छठ तालाब के पास की है। ग्राम पुटा की रहने वाली 60 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला रोजाना की तरह लकड़ी बेचकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान तालाब के पास एक हिंसक कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद युवाओं दिव्यांश जायसवाल, आकाश जायसवाल और नितेश ताम्रकार ने तत्परता दिखाई। उन्होंने न सिर्फ कुत्ते को भगाकर महिला की जान बचाई, बल्कि तत्काल उन्हें सीएचसी उदयपुर पहुंचाया और उनके परिजनों को भी सूचित किया।
इसके कुछ ही देर बाद, दूसरी घटना ग्राम सरगंवा में सामने आई। यहाँ एक अन्य आक्रामक कुत्ते ने राह चलते दो युवकों पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। दोनों घायल युवकों को भी तुरंत उपचार के लिए सीएचसी उदयपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए। क्षेत्र में लगातार हो रहे इन हमलों से नाराज स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि आवारा व हिंसक कुत्तों पर नियंत्रण के लिए तुरंत ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि लोग सुरक्षित आवागमन कर सकें।
