Chhattisgarh News: सूरजपुर में तेज रफ्तार यात्री बस खेत में पलटी, मची अफरा-तफरी; 9 यात्री गंभीर रूप से घायल



Surajpur News: सूरजपुर जिले के प्रेमनगर के समीप बकालो गांव में तेज रफ्तार जय भवानी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। घटना में एक दर्जन से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 9 यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर में भर्ती कराया गया है।

घटना सोमवार शाम करीब चार बजे की है। जय भवानी यात्री बस प्रेमनगर, उदयपुर, सूरजपुर मार्ग पर चलती है।सोमवार को दोपहर में यात्री बस प्रेमनगर से उदयपुर के लिए रवाना हुई थी। यात्री बस में करीब ढाई दर्जन यात्री सवार थे। उसी दौरान तेज रफ्तार में जा रही यात्री बस बकालो गांव में अनियंत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रेमनगर एसडीओपी प्रकाश सोनी, टीआई विपिन लकड़ा एवं उमेश्वरपुर चौकी प्रभारी देवनाथ चौधरी ने पुलिस टीम के साथ घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर में भर्ती कराया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 9 घायलों का इलाज चल रहा है। इसमें ग्राम जमगला निवासी बियारो बाई पति धनेश्वर बैगा 45 वर्ष सहित भदवाई उदयपुर निवासी फूलकुंवर पति बज्जू 44 वर्ष, जमगला निवासी दिलासो पति अलख घसिया व अनंगपुर निवासी सुनीता दास पुत्री तिलक दास 28 वर्ष को गंभीर चोटें आई है। शेष पांच घायलों की स्थिति सामान्य है। सभी का उपचार डॉ. नारद गुप्ता एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। दुर्घटना में घायल अन्य यात्री अन्य साधनों से अपने अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि यात्री बस काफी रफ्तार में चल रही थी। इसी कारण अनियंत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई। इससे अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया था। दुर्घटना के तत्काल बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इस दौरान कई यात्रियों का मोबाइल, पर्स एवं अन्य सामान चोरी हो जाने की भी खबर है।