बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम हंसपुर में प्रशासनिक टीम पर गंभीर आरोप लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. आरोप है कि एसडीएम की टीम ने पूछताछ के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस घटना में राम नरेश राम (62 वर्ष) की मौत की सूचना है, जबकि आकाश अगरिया (20 वर्ष) घायल अवस्था में कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाजरत है. मृतक के साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति अजीत कुमार (60 वर्ष) भी घटना के दौरान साथ थे.
इसे भी पढ़ें –
पाली महोत्सव 2026 में संगीत-भक्ति का महासंगम, बॉलीवुड सितारों की धुन पर झूम उठा जनसैलाब
घायल आकाश अगरिया ने बताया कि बीती शाम वह राम नरेश राम और अजीत कुमार के साथ खेत में गेहूं की फसल में पानी देने जा रहा था. इसी दौरान अंधेरे में उन्हें एक वाहन खड़ा दिखा, जिसके आगे “एसडीएम” और पीछे “छत्तीसगढ़ शासन” लिखा था. आकाश का आरोप है कि वाहन से करीब 6 से 7 लोग उतरे और पूछताछ के बाद अचानक लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी.
आकाश के अनुसार इस मारपीट में राम नरेश राम गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद तीनों को वाहन से कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही राम नरेश राम ने दम तोड़ दिया.
घटना को लेकर इलाके में यह चर्चा भी तेज है कि हंसपुर क्षेत्र में बॉक्साइट के अवैध उत्खनन से जुड़ी शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं. बताया जा रहा है कि एक बॉक्साइट से लदे ट्रक को रोककर कथित रूप से अवैध वसूली की सूचना मिलने पर एसडीएम और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे. हालांकि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इसे भी पढ़ें –
छत्तीसगढ़ में 5वीं-8वीं के छात्रों को बड़ी राहत, अब कोई बच्चा नहीं होगा फेल
मामले पर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी, और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पीएम रिपोर्ट के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. वहीं सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम, नायब तहसीलदार और उनकी टीम को राजपुर थाने में रखा गया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस बल तैनात किया गया है.
